logo

Ranchi : झारखंड कांग्रेस की नई को-ऑर्डिनेशन कमिटी गठित, जानिए किस-किस को मिली जगह

incjharkhand.jpg

रांची: 

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी (Jharkhand Congress) ने नई समन्वय समिति का गठन किया है। झारखंड कांग्रेस के नए प्रभारी अविनाश पांडे (Avinash Pande) को समिति का चेयरमैन बनाया गया है। उप-प्रभारी उमंग सिंघार (Umar Singhar) को-चेयरमैन बनाए गये हैं। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर को समन्वय समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति में 14 सदस्य भी हैं। 

किन नेताओं को सदस्य बनाया गया
डॉ. रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, सुबोधकांत सहाय, डॉ. अजय कुमार, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, प्रदीप बालमुचू, सुखदेव भगत, धीरज साहू, गीता कोड़ा, प्रदीप यादव, बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो और शहजादा अनवर को नई समन्वय समिति का सदस्य बनाया गया है। कांगेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने समन्वय समिति को अपनी मंजूरी दी है। 

उथल-पुथल से गुजरी झारखंड कांग्रेस
गौरतलब है कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी बीते कुछ दिनों में काफी उथल-पुथल के दौर से गुजरी है। सबसे पहले झारखंड कांग्रेस के प्रभारी और यूपीए-2 में केंद्रीय राज्यमंत्री रहे आरपीएन सिंह (RPN Singh) ने पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी ज्वॉइन कर लिया। नए प्रभारी अविनाश पांडे ने जिस दिन पदभार संभाला, गीताश्री उरांव (Geetashree Oraon) ने इस्तीफा दे दिया। डॉ. इरफान अंसारी ने बयानबाजी शुरू कर दी। विरोध के कुछ स्वर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के खिलाफ भी उठे। 

बयानबाजियों से बचने की सलाह दी गई
इस बीच नए प्रभारी अविनाश पांडे 3 दिन तक रांची में रहे। सभी विधायकों, मंत्रियों और जिलाध्यक्षों से मुलाकात की। उनकी शिकायतों को सुना। उनकी राय ली। इस दौरान प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि संगठन में अनुशासन जरूरी है। कोई भी अनुशासन ना तोड़ें। कोई भी असंतोष या शिकायत हो तो पार्टी फोरम में बात उठायें ना की बयानबाजी करें। दरअसल, जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी (Dr. Irfan Ansari) ने कह दिया था कि नए प्रभारी चापलूसों से घिर गये हैं।