logo

डुमरी की जीत ने तय की झारखंड की दशा और दिशा, बोले कांग्रेस के राजेश ठाकुर

डुमरी की जीत ने तय की झारखंड की दशा और दिशा, बोले कांग्रेस के राजेश ठाकुर

रांची:

झारखंड कांग्रेस ने डुमरी में जीत का जश्न मनाया। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने डुमरी उपचुनाव में जीत को झारखंड की दिशा और दशा तय करने वाला परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि डुमरी की जनता ने इंडिया गठबंधन को वोट कर एनडीए को नकार दिया है। उन्होंने डुमरी में आए नतीजों को महागठबंधन सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों पर मुहर बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी को यह समझना चाहिए कि चाहे जितना भी षड्यंत्र कर लो आखिरकार जीत सत्य की होती है। 

दिवंगत जगरनाथ महतो का सपना होगा पूरा
राजेश ठाकुर ने कहा कि स्वर्गीय जगरनाथ महतो को अधूरे सपने अब उनकी पत्नी बेबी देवी पूरा करेंगी। उन्होंने कहा कि अब सदन में महिलाओं के सम्मान, युवाओं के मुद्दे और बुजुर्गों की आकांक्षाएं गुंजेंगी। उन्होंने कहा कि सदन में राज्य के विकास पर बात होगी। 

इंडिया की बेबी देवी ने एनडीए की यशोदा को दी मात
गौरतलब है कि डुमरी उपचुनाव में इंडिया गठबंधन की बेबी देवी ने एनडीए की यशोदा देवी को 17,100 वोटों से हराया। यहां एनडीए ने पूरी ताकत झोंकी थी लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आखिरी वक्त में मुस्लिम मतदाता निर्णायक साबित हुए। इसे ऐसे समझा जा सकता है कि एआईएमआईएम प्रत्याशी को महज 3, 472 वोट मिले। उनसे ज्यादा वोट नोटा पर पड़े।