logo

Ranchi : बंधु तिर्की को सजा पर बोले प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, आवाज दबाने की कोशिश की गई

RAJESHTHAKUR1.jpg

रांची: 

बंधु तिर्की को आय से अधिक संपत्ति मामले में सजा सुनाए जाने के फैसले पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि न्यायालय के फैसले पर टिप्पणी करना सही नहीं होगा लेकिन इतना कहना चाहूंगा कि बंधु तिर्की को दरअसल, जनमुद्दों को लेकर उनकी मुखरता की सजा मिली है। राजेश ठाकुर ने कहा कि बंधु तिर्की लगातार जनमुद्दों को उठाते हैं। जनता की समस्याओं के साथ खड़े रहते हैं, शायद इसलिए इस आवाज को दबाने की कोशिश की गई।

 

सदस्यता पर कुछ भी कहना जल्दीबाजी! 
क्या पार्टी की छवि पर इसका असर होगा। इस सवाल के जवाब में राजेश ठाकुर ने कहा कि इससे पार्टी चिंतित नहीं है। जनता सब जानती है। नियमों के मुताबिक बंधु तिर्की की सदस्यता पर खतरे की बात पर राजेश ठाकुर ने कहा कि इस पर कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगा। ये सारा मामला झारखंड विधानसभा के स्पीकर रविंद्रनाथ महतो से जुड़ा है। स्पीकर पर निर्भर करता है कि वो मामले को किस तरह से देखते हैं। फिलहाल हम उस विषय में नहीं सोच रहे। 

फैसले का अध्ययन कर रही है पार्टी! 
राजेश ठाकुर ने कहा कि फिलहाल हम फैसले का अध्ययन कर रहे हैं। कानूनी विशेषज्ञों की राय ले रहे हैं। समझने का प्रयास कर रहे हैं कि किन आधारों पर बंधु तिर्की को सजा सुनाई गई है। राय-मशविरा करने के बाद मामले में सीबीआई कोर्ट के फैसले को लेकर हाईकोर्ट में अपील करने पर विचार किया जायेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंसाफ होना चाहिये। 

गठबंधन को इस घटनाक्रम से खतरा नहीं! 
हाल में जैसा कि मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद बीजेपी राज्य में सत्ता पलटने का इरादा रखती है। बंधु तिर्की पर कोर्ट के फैसले से क्या गठबंधन चिंतित है। राजेश ठाकुर ने कहा कि इससे कुछ फर्क नहीं पड़ेगा।