नंदलाल तुरी
झारखंड के 25वें स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर शनिवार को जिला प्रशासन ने रविंद्र भवन में रजत जयंती समारोह धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, एसडीओ साईमन मरांडी सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत वीआईपी रोड से हुई, जहां मुख्य अतिथियों का पारंपरिक नृत्य के माध्यम से स्वागत किया गया। विद्यालयों के बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने सभी का ध्यान खींचा। जनजातीय संस्कृति, परंपरा और झारखंड की पहचान को दर्शाती इन रंगोलियों की सभी ने सराहना की। सांसद और डीसी ने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा की। मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और राज्य निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने जिलावासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि झारखंड की 25 वर्ष की यात्रा संघर्ष, उपलब्धियों और विकास की कहानी है। उन्होंने पारदर्शी प्रशासन, तेज़ विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने की प्रतिबद्धता दोहराई और सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि यह दिवस हमें आंदोलनकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों की याद दिलाता है। समाज में शांति, सद्भाव और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांसद विजय कुमार हांसदा ने कहा कि झारखंड की संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में जनभागीदारी अनिवार्य है और सभी को मिलकर समृद्ध झारखंड के निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यालयों के बच्चों ने झारखंडी लोकनृत्य, गीत और राज्य की विकास यात्रा पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। जिला प्रशासन ने अलग राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया।
.jpeg)