द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के बीच समन्वय का काम करेगी। खिलाड़ियों के विकास के लिए सरकार हर संभव सहायता सरकार प्रदान करेगी। उक्त बातें बन्ना गुप्ता ने आज 13 वीं झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का उद्घाटन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए 40 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को नियुक्त करने का काम किया है। झारखंड के लोग शुरू से निशाना लगाने में माहिर होते हैं और तीर धनुष से निशाना लगाते हैं इसलिए राइफल शूटिंग निशानेबाजी खेल में भी यहां के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि इस शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन टिकैत उमरावं सिंह शूटिंग रेंज स्टेडियम होटवार रांची में हो रहा है।

सीसीएल और झारखंड सरकार मिलकर खिलाड़ियों के विकास के लिए कर रही काम
बन्ना गुप्ता नेपिस्टल से निशाना दागकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पृथ्वीराज चौहान की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने केवल आवाज पर निशाना लगाने का काम किया था। राज्य में खेलों को बढ़ावा देने में राज्य के खेल मंत्री भी लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस मौके पर जेएसएसपीएस के सीओ जीके राठौर ने कहा कि सीसीएल और झारखंड सरकार मिलकर खिलाड़ियों के विकास के लिए काम कर रही है। होटवार स्थित स्टेडियमों का बेहतर उपयोग हो इस दिशा में लगातार प्रयास किये जा रहे है।

600 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग
झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने इस अवसर पर अपने स्वागत भाषण में कहा कि 4 दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 600 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है तथा पहली बार स्कूली बच्चों के लिए भी प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। बाद में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि इस राज्य में निशानेबाजी खेल की लोकप्रियता दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में स्थान बना रहे हैं और विदेशों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बाद प्रतिस्पर्धा की शुरुआत हो गई जबकि इस प्रतियोगिता का समापन एक जुलाई को होगा।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N