पलामू
झारखंड की लड़कियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पलामू में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने घोषणा की कि राज्य की सभी लड़कियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस योजना को लेकर प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।
.jpeg)
.jpeg)
वित्त मंत्री ने बताया कि हाल ही में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ हुई बैठक में झारखंड की लड़कियों को यह आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया है और इसके लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा गया है। उन्होंने कहा कि बिहार समेत अन्य राज्यों की तर्ज पर झारखंड में भी यह योजना लागू करने की तैयारी है।
1.jpeg)
अपने संबोधन में राधाकृष्ण किशोर ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना राज्य के लिए गर्व की बात है, लेकिन उन्हें भारत रत्न दिया जाना चाहिए। इस संबंध में झारखंड विधानसभा पहले ही केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज चुकी है।
वित्त मंत्री ने पलामू क्षेत्र में धान की खरीद को लेकर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि पड़ोसी राज्यों और मिल मालिकों से समन्वय कर खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पलामू क्षेत्र की विशेष केंद्रीय सहायता बंद कर दी है, जिसे दोबारा शुरू किया जाना चाहिए।
.jpeg)
उन्होंने कहा कि झारखंड में 24 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि है, लेकिन राज्य गठन के 25 वर्षों बाद भी केवल 12 लाख हेक्टेयर में ही सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो पाई है। पलामू प्रमंडल के लोगों की औसत आय 60 से 65 हजार रुपये के बीच है, जिसे बढ़ाने की जरूरत है।
.jpeg)
गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पलामू पुलिस स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां वित्त मंत्री ने झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, डीआईजी किशोर कौशल, डीसी समीरा एस, एसपी रीष्मा रमेशन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
.jpeg)