रांची:
झारखंड जेडीयू के अध्यक्ष खीरू महतो को पार्टी ने बिहार राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। खीरू महतो झारखंड के पूर्व विधायक भी रहे हैं। खीरू महतो ने साल 2005 में मांडू विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी। वे सितंबर 2021 में पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और झारखंड जेडीयू का अध्यक्ष बनाया। गौरतलब है कि खीरू महतो की उम्मीदवारी तय होते ही आरसीपी सिंह का पत्ता कट गया। लंबे समय से चर्चा थी कि आरसीपी सिंह को दूसरी बार राज्यसभा भेजा जायेगा या नहीं।

10 जून को होगा राज्यसभा चुनाव
गौरतलब है कि 10 राज्यों की 57 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। झारखंड की भी 2 सीटें खाली हो रही है। राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामांकन की आखिरी तारीख 31 मई है। 1 जून को स्क्रूटनी होगी। 3 मई नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख है। 10 जून को वोटिंग होगी औऱ उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना होगी। परिणाम भी आ जायेगा।

आरसीपी सिंह का पत्ता कट गया
बिहार में लंबे समय से चर्चा थी कि नीतीश की जेडीयू किसे राज्यसभा उम्मीदवार बनाएगी। सियासी गलियारों में चर्चा थी कि नीतीश इस बार आरसीपी सिंह को राज्यसभा भेजने के मूड में नहीं हैं। इसका संकेत तभी मिलने लगा था जब जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह और खुद नीतीश कुमार ने आरसीपी सिंह के नाम पर कहा था कि पार्टी ने अभी कुछ तय नहीं किया है।