logo

जोहार महामहिम : राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद द्रौपदी मुर्मू को झारखंड के नेताओं ने दी बधाई

a250.jpg

रांची: 

द्रौपदी मुर्मू  (Draupadi Murmu) ने देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में आज संसद के सेंट्रल हॉल में शपथ ग्रहण किया। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमना ने द्रौपदी मुर्मू को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। द्रौपदी मुर्मू पहले झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद झारखंड के कई नेताओं ने उनको बधाई और शुभकामना दी। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास, मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने उनको बधाई दी। 

बाबूलाल मरांडी ने बताया ऐतिहासिक क्षण
झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने अपने ट्विटर पर लिखा कि देश के 15 वें राष्ट्रपति के रूप में माननीया द्रौपदी मुर्मू जी का शपथ ग्रहण का यह ऐतिहासिक क्षण देश के करोड़ों जनजातीय समाज व राष्ट्रसेवा में समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का पल है। एक साधारण घर में जन्मी जनजातीय समाज की महिला, जिसने स्वयं के समर्पण और राष्ट्र के प्रति निष्ठा के भाव से देशवासियों के मन में आत्मविश्वास का संचार किया है।

सच्चे अर्थों में लोकतंत्र को परिभाषित करते हुए उनका निर्वाचन दर्शाता है कि भारत का लोकतंत्र न केवल विशाल है बल्कि महान भी है। महामहिम द्रौपदी मुर्मू जी को बहुत बहुत बधाई व शुभकामनाएं। 

 

रघुवर दास ने इसे इतिहास का स्वर्णिम दिन बताया
पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास (Raghuvar Das) ने लिखा कि देश के लिए स्वर्णिम दिन। जनजातीय समाज की प्रतिनिधि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के राष्ट्रपति पद ग्रहण समारोह में शामिल हुआ। वे भारत में आए सामाजिक बदलाव की वाहक बनेंगी, जब आजादी के 75 वर्ष बाद दबे-कुचले, वंचित भी देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हो रहे हैं। 

 

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने दी बधाई
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश (Deepak Prakash) ने लिखा कि ओडिशा के एक अति सामान्य आदिवासी परिवार से निकलकर लोक सेवा के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्रपति पद तक की यात्रा तय करने वाली श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को आज सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेने पर हार्दिक शुभकामनाएं। 

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिखा जोहार महामहिम! 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने लिखा कि जोहार महामहिम! भगवान बिरसा मुंडा, वीर शहीद सिदो-कान्हू, फूलो-झानो, बाबा तिलका मांझी, पोटो हो, तेलंगा खड़िया, जतरा टाना भगत, नीलांबर-पीतांबर और शेख भिखारी आदि जैसे महान पुरुखों की वीर भूमि से आपको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।