द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड के वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद का गढ़ हैं। दरअसल, पलामू में पत्रकारों ने उनसे पीएम मोदी की उस टिप्पणी पर सवाल किया था, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पार्टी को अर्बन नक्सलियों का गढ़ कहा था। मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि "मैंने तो प्रधानमंत्री मोदी का वह बयान नहीं सुना है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को अर्बन नक्सलियों का गढ़ कहा है, लेकिन यदि उन्होंने ऐसा कहा है तो मैं कहना चाहूंगा कि बीजेपी और पीएम मोदी अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद का गढ़ हैं"। वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर के इस बयान पर झारखंड में सियासी हलचल तेज हो गई है।

पीएम मोदी ने 4 मई को की थी टिप्पणी
दरअसल, 4 मई पांच राज्यों के चुनाव नतीजे आने के बाद दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी अर्बन नक्सलियों का गढ़ बन गई है। पीएम मोदी ने कहा था कि आज देश के किसी भी राज्य में वामदल की सरकार नहीं बची है। माओवादी विचारधारा का खात्मा हो चुका है।
वामदल की विचारधारा को जनता ने नकार दिया है। जंगल में माओवादी खत्म हो रहे हैं, लेकिन जनता द्वारा नकार दी गई विचारधारा को कांग्रेस पार्टी अपना रही है। आज कांग्रेस पार्टी अर्बन नक्सलियों का सबसे बड़ा गढ़ बन गई है। पीएम मोदी ने कहा था कि कांग्रेस अपनी गलतियों से यहां है।

कांग्रेस पर पीएम मोदी ने किया था तंज
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि आजादी के बाद स्वतंत्रता आंदोलन के इमोशन में जनता ने केंद्र और विभिन्न राज्यों में कांग्रेस पार्टी की सरकारों को चुना, लेकिन जैसे ही जनता का वास्तविकता से पाला पड़ा, कांग्रेस कमजोर होती चली गई। संसद में शक्ति वंदन संशोधन विधेयक का विरोध करके कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं का श्राप लिया है। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में केवल 2 सीटों पर सिमट गई है।
केरल में सरकार बनाने में जरूर सफल हुई है, लेकिन जब उन्हें कांग्रेस की धूर्तता का पता चलेगा तो सबक जरूर सिखाएंगी।