द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के 48 नगर निकाय के चुनाव लिए आज, 29 जनवरी से नामांकन की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। इस घोषणा के साथ ही गलियों, मोहल्लों और चाय की दुकानों पर चुनावी चर्चाएं गरमा गई हैं। उम्मीदवार आज से अपनी दावेदारी पेश करेंगे, जिससे शहरी इलाकों में सियासी पारा चढ़ना तय है।.jpeg)
नामांकन के पहले दिन सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि कितने प्रत्याशी शुभ मुहूर्त के साथ अपना पर्चा दाखिल करते हैं। कई दिग्गज और नए चेहरे आज अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए निर्वाचन कार्यालय पहुंच सकते हैं। विकास, साफ-सफाई, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट जैसे मुद्दे अब उम्मीदवारों के भाषणों और सोशल मीडिया पोस्ट का मुख्य केंद्र बनने वाले हैं।
हालांकि निकाय चुनाव गैर-दलीय आधार पर हो रहे हैं, लेकिन पर्दे के पीछे राजनीतिक दलों की हलचल तेज होने वाली है। बड़ी पार्टियां फिलहाल इंतजार में हैं, लेकिन अंदर यह रणनीति बनाई जा रही है कि किस वार्ड में किस उम्मीदवार को गुप्त या प्रत्यक्ष समर्थन दिया जाए। आने वाले दिनों में यह तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है कि कौन सा चेहरा किस खेमे से जुड़ा है।.jpg)
झारखंड के 48 शहरी निकायों के कुल 1087 वार्डों में इस बार कड़ी टक्कर के आसार हैं। अगले कुछ दिनों तक नामांकन केंद्रों पर गहमागहमी का माहौल रहने वाला है क्योंकि 4 फरवरी पर्चा दाखिल करने की अंतिम तिथि है। लोकतंत्र का सबसे बड़ा दिन यानी मतदान 23 फरवरी को होगा और 27 फरवरी को मतगणना के साथ ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।