द फॉलोअप डेस्क
झारखंड पुलिस के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से जर्जर और पुराने वाहनों के कारण परेशान हो रहे पुलिस थानों को अब नए वाहन मिलेंगे। राज्य के सभी जिलों के लिए कुल 1477 नए वाहनों का आवंटन किया गया है। इस संबंध में झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से आधिकारिक निर्देश भी जारी कर दिया गया है। राज्य में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पुलिस पेट्रोलिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार कुल 1477 वाहनों में 628 चार पहिया और 849 दो पहिया वाहन शामिल हैं। इन वाहनों को राज्य के सभी जिलों में जरूरत के अनुसार वितरित किया जाएगा।

नए वाहनों के मिलने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग की पहुंच बढ़ेगी। खास तौर पर रांची और जमशेदपुर को सबसे अधिक वाहन आवंटित किए गए हैं। इन शहरों में बढ़ते अपराध और यातायात की चुनौतियों को देखते हुए यह निर्णय अहम माना जा रहा है। इस फैसले पर झारखंड पुलिस Association ने भी खुशी जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि नए वाहनों से नक्सल प्रभावित और दूरदराज के इलाकों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी। साथ ही पेट्रोलिंग, अपराध नियंत्रण, आपात सहायता और यातायात प्रबंधन में भी सुधार आएगा।
.jpg)
आदेश जारी होने के बाद जिलों में वाहनों के वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नए वाहन मिलने से पुलिसकर्मियों में उत्साह देखा जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे राज्य की कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।