रांची:
झारखंड में आज (20 सितंबर) से अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। मौसम में बदलाव के बीच अगले दो दिनों के दौरान राज्य के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। 20 से 22 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश और मेघ गर्जन की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
23 सितंबर को झारखंड के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की प्रबल संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 24 सितंबर के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज, वज्रपात और बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, 24 और 25 सितंबर को भी झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन की संभावना है। रांची और आसपास के इलाकों में भी 25 सितंबर तक बादल छाए रहने और बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

21 सितंबर तक गरज और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 21 सितंबर तक झारखंड में कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 22 सितंबर को हवा की गति बढ़कर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।
23 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
23 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में गरज, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। इस दिन दक्षिण-पूर्वी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां तथा मध्य झारखंड के रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
.jpeg)
24 और 25 सितंबर को भी बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 और 25 सितंबर को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जाती है।
रांची में 25 सितंबर तक बादल छाए रहने का अनुमान
रांची और आसपास के इलाकों में 20 से 25 सितंबर तक मौसम मुख्यतः बादलयुक्त रहने का अनुमान है। 20 सितंबर को एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 21 सितंबर को भी आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 22 सितंबर को रांची में बारिश की गतिविधि बढ़ने के आसार हैं। इस दिन दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 23 सितंबर को भी बादल छाए रहने के साथ मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने की संभावना है।