रांची:
झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आज, 21 सितंबर को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, जबकि 22 सितंबर को 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 23 सितंबर को 8 जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

21 और 22 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 21 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 22 सितंबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।
.jpeg)
23 सितंबर को 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना
23 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दिन दक्षिण-पूर्वी झारखंड और मध्य झारखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
इन 8 जिलों में भारी बारिश के आसार हैं
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज और वज्रपात की भी संभावना है।
24 और 25 सितंबर को भी बारिश का अनुमान
24 सितंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी। वहीं, 24 और 25 सितंबर को झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिल सकती है।
रांची में 21 से 25 सितंबर तक बादल और बारिश
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 21 से 25 सितंबर तक मौसम मुख्यतः बादलयुक्त रहने का अनुमान है। 21 सितंबर को एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 22 सितंबर को आसमान में सामान्यत बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। आने वाले दिनों में भी रांची और आसपास के क्षेत्रों में मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है।
सितंबर के अंतिम सप्ताह में बढ़ सकती हैं मौसमी गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में बनने वाली मौसमी गतिविधियों का असर झारखंड पर पड़ सकता है। 25 से 28 सितंबर के आसपास राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। हालांकि, इस मौसम प्रणाली की स्थिति 21 और 22 सितंबर तक और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
अक्तूबर में हो सकती है मानसून की विदाई
झारखंड से मानसून की विदाई में अभी समय है। सामान्य परिस्थितियों में राज्य से मानसून की पूरी तरह वापसी अक्तूबर के पहले या दूसरे सप्ताह के आसपास होती है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 अक्तूबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों से मानसून की वापसी होने की संभावना रहती है। हालांकि, मानसून की विदाई केवल तारीख के आधार पर तय नहीं होती। इसके लिए लगातार करीब पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी, निचले स्तर पर प्रतिचक्रवात और वातावरण में नमी में उल्लेखनीय कमी जैसे संकेत जरूरी होते हैं। इस बार सितंबर के अंतिम सप्ताह में होने वाली बारिश से उन जिलों में बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है, जहां मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश हुई है।