द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआइआर के तहत मतदाता सूची को लेकर दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 15 सितंबर है। इसके बाद एसआइआर की प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश करेगी, जिसमें प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, पूरी प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इस बीच एसआइआर के दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन कराने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन लगातार प्राप्त हो रहे हैं।

नए मतदाताओं के लिए मिले 4.70 लाख से ज्यादा आवेदन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की 14 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, 13 सितंबर तक पहली बार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र भारतीय नागरिकों की ओर से फॉर्म-6 के माध्यम से कुल 4,70,542 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें अकेले 13 सितंबर को 16,224 आवेदन मिले। वहीं, विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए के तहत अब तक 84 आवेदन प्राप्त हुए हैं। मतदाता सूची से किसी नाम को हटाने, मृत्यु, स्थानांतरण, डुप्लीकेट नाम समेत अन्य कारणों से आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के जरिए कुल 5,576 आवेदन मिले हैं। इनमें 13 सितंबर को 99 आवेदन प्राप्त हुए।

नाम और पते में सुधार के लिए करीब 3 लाख आवेदन
मतदाता सूची में नाम, पता समेत अन्य विवरण में सुधार या संशोधन कराने के लिए भी बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन किया है। रिपोर्ट के अनुसार, फॉर्म-8 के माध्यम से अब तक कुल 2,98,871 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 13 सितंबर को ही 12,899 लोगों ने फॉर्म-8 जमा किया। अब 15 सितंबर को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समयसीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन विभाग इन आवेदनों की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा। प्राप्त दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी, जिसका प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को होना है।