द फॉलोअप डेस्क
झारखंड राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में राजधानी रांची के युवा तैराक ईशांक सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। बेहतरीन प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने ग्रुप-5 (बालक, 7 से 10 वर्ष आयु वर्ग) में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर राज्य स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। इस प्रतियोगिता की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में ईशांक सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और स्टेट चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

निरंतर मेहनत का परिणाम
वहीं 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में ईशांक ने रजत पदक जीतकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। युवा तैराक ईशांक सिंह की इस उपलब्धि से उनके परिवार, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। यह सफलता नियमित अभ्यास, अनुशासित प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत का परिणाम है। इस अवसर पर ईशांक सिंह को उनकी शानदार उपलब्धि पर लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
