द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मार्च के पहले पखवाड़े में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के लगभग 10 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.8 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है और राजधानी का पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 14 और 15 मार्च को राज्य के सात जिलों में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें पलामू, चतरा, लातेहार, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने के साथ गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं सरायकेला में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा बोकारो में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पलामू और कोल्हान क्षेत्र में गर्मी का असर सबसे अधिक महसूस किया जा रहा है।

15 मार्च के बाद मौसम बदलने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च के बाद राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 15 से 19 मार्च के बीच कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवा, गर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। 18 और 19 मार्च को रांची सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की स्थिति बन सकती है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार से दक्षिण ओडिशा तक बने निम्न दबाव के क्षेत्र का प्रभाव झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। इसके अलावा एंटी-साइक्लोन की सक्रियता, सूखी और गर्म हवाओं का प्रवाह तथा पश्चिमी विक्षोभ की कमी के कारण तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। फरवरी में लगभग बारिश नहीं होने और आसमान साफ रहने के कारण इस वर्ष गर्मी सामान्य से पहले शुरू हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन मार्च के अंतिम सप्ताह में राज्य में फिर से हीट वेव की स्थिति बन सकती है।
