logo

झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, 26 अगस्त तक भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी; येलो अलर्ट जारी

weather_jh_list_.jpeg

रांची 
बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इसका असर झारखंड के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। रविवार को राजधानी रांची में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 24 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग और लातेहार में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। शनिवार को लोहरदगा में सबसे अधिक पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। राज्य में अब भी सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है। एक जून से 22 अगस्त तक झारखंड में सामान्य रूप से 730.5 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस अवधि में अब तक 638.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, राज्य के पांच जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 41 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। वहीं, सिमडेगा में चार प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में पांच प्रतिशत, रांची में तीन प्रतिशत और खूंटी में पांच प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।
25 और 26 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम?
झारखंड में 25 और 26 अगस्त को भी कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 22 से 26 अगस्त तक लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
वज्रपात के दौरान लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की गई है। आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। वहीं, तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव और सड़कों पर फिसलन की स्थिति बन सकती है।

Tags - jharkhand weather heavy rain yellow alert ranchi news imd alert