द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में अगले कुछ दिनों तक तापमान बढ़ा रहेगा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 7 सितंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन की संभावना है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 8 सितंबर को भी कई स्थानों पर बारिश और मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है, जबकि 9 और 10 सितंबर को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है। 5, 6 और 7 सितंबर को राज्य में कहीं-कहीं गरज और वज्रपात की संभावना जताई गई है। वहीं 8, 9 और 10 सितंबर को गरज-वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में इसका असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां, उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार तथा उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी गरज-वज्रपात की संभावना है।

राज्य में सामान्य के करीब पहुंची मानसूनी बारिश
झारखंड में मानसून की कुल बारिश अब सामान्य के करीब पहुंच गई है। 1 जून से 4 सितंबर तक राज्य में 822.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 831.8 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। यानी राज्य में सामान्य से महज 1 प्रतिशत कम बारिश हुई है, जो सामान्य श्रेणी में है। हालांकि जिलावार स्थिति में काफी अंतर है। पाकुड़ में सामान्य से 47 प्रतिशत कम बारिश हुई है। चतरा में 32 प्रतिशत, देवघर में 34 प्रतिशत, कोडरमा में 24 प्रतिशत, गिरिडीह और गुमला में 23-23 प्रतिशत तथा हजारीबाग में 21 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है। दूसरी ओर पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 51 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, जहां 1268.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

रांची में सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा अधिकतम तापमान
पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा। जमशेदपुर में अधिकतम 30.3 और न्यूनतम 24.7, डालटनगंज में 32.1 और 25.8, बोकारो-थर्मल में 31.1 और 23.5, चाईबासा में 28.4 और 22.8, सिमडेगा में 25.7 और 23.3, लातेहार में 25.1 और 20.4, सरायकेला में 29.8 और 24.5, पाकुड़ में 32 और 26.8 तथा बहरागोड़ा में 33.5 और 25.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। रांची में 0.2 और सरायकेला में 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि कई अन्य प्रमुख केंद्रों पर बारिश नहीं हुई। 1 जून से अब तक रांची में 1087.3, जमशेदपुर में 993.3, डालटनगंज में 1015.4, बोकारो-थर्मल में 803 और चाईबासा में 1097.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।