logo

Jharkhand Weather Update : झारखंड में 5 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, 7 से कई इलाकों में वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी

झारखंड में 5 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, 7 से कई इलाकों में वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी

रांची 
Jhakhand Weather Update: झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 4 अक्टूबर को भी राज्य में आसमान साफ रहने के साथ मौसम शुष्क रहेगा। अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

रांची में 30 डिग्री के आसपास रहेगा अधिकतम तापमान
राजधानी रांची में 4 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 5 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 20 डिग्री, जबकि 6 अक्टूबर को अधिकतम 29 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

5 अक्टूबर से कई इलाकों में बारिश के आसार
मौसम में बदलाव की शुरुआत 5 अक्टूबर से हो सकती है। इस दिन राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी झारखंड के साथ उससे सटे मध्य हिस्से के हजारीबाग और कोडरमा तथा उत्तर-पश्चिमी हिस्से के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है। 6 अक्टूबर को भी उत्तर-पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके अलावा दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन वाले बादल बनने के आसार हैं। राजधानी रांची में 5 और 6 अक्टूबर को आंशिक बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

7 से 9 अक्टूबर तक वज्रपात और तेज हवा की संभावना
मौसम विभाग ने 7 से 9 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब होने की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं-कहीं मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 7 अक्टूबर को सामान्यतः बादल छाए रहने और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 8 और 9 अक्टूबर को भी कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन और बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने 3 और 4 अक्टूबर के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Tags - Jharkhand Weather UpdateRanchi Weather AlertJharkhand Rain ForecastThunderstorm WarningJharkhand Climate News