logo

Jharkhand Weather Update : झारखंड में 7 सितंबर तक होगी बारिश, इन जिलों में येलो अलर्ट; गिरा तापमान

a11.jpeg

रांची:

झारखंड में 7 सितंबर तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। पिछले दिनों धीमा पड़ने के बाद मानसून फिर से राज्य में सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) ने राज्यभर में 4-7 सितंबर तक राजधानी रांची सहित तकरीबन सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची में रविवार शाम अचानक घने बादलों की वजह से अंधेरा छा गया और झमाझम बारिश हुई। सोमवार को भी रांची में रुक-रुककर बारिश हो रही है। इससे तापमान गिरा और मौसम खुशगवार हो गया। 7 सितंबर तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राजधानी रांची सहित बोकारो, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, गोड्डा में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ और रांची सहित आसपास के जिलों में अगले 3 दिनों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस बारिश से धान की फसल को फायदा होगा। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे बारिश के समय पेड़, बिजली के खंभे और अन्य विद्युत उपकरणों से दूर रहें। 

मानसून की बेरुखी से झारखंड में गहराया कृषि संकट
गौरतलब है कि झारखंड में लगातार दूसरे वर्ष मानसून की बेरुखी से कृषि संकट की आशंका है। पिछले वर्ष भी मानसून की अनियमितता की वजह से धान की खेती नहीं हो पाई थी। संताल परगना में धान की फसल नहीं उगाई जा सकी। पिछले वर्ष सरकार ने 24 में से 22 जिलों के 226 प्रखंडों को सूखाग्रस्त घोषित किया था। हालांकि, इस वर्ष संताल परगना में ठीक-ठाक खेती हुई है। सरकार भी नुकसान का आकलन कर रही है ताकि किसानों को राहत दी जा सके।