logo

झारखंड में साइक्लोन का दिखेगा असर, 21 मार्च तक खराब रहेगा मौसम

rain28.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड का मौसम करवट लेने के मूड में है। शनिवार को राजधानी रांची समेत कई इलाकों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड में मौसम बदल गया है। रांची समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही हल्की ओलावृष्टि भी हुई है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले चार दिनों के दौरान तेज हवा व वज्रपात के साथ बारिश का ऑरेज अलर्ट जारी किया है। रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण राज्य के दक्षिणी, पूर्वी व मध्य भाग में हल्की बारिश आने वाले चार-पांच दिन तक दर्ज की जा सकती है। वहीं, तेज हवा और ओलावृष्टि के चलते खासकर किसानों को अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है, इसलिए उन्हें अधिक सचेत रहने की जरूरत है। 

इन जिलों के लिए अलर्ट
मौसम केंद्र ने कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी कर रखा है। जैसे सरायकेला खरसावां, पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, लोहरदगा, गुमला व सिमडेगा इन जिलों में आज हल्के मध्यम दर्जे की बारिश देखी जाएगी व वज्रपात और ओलावृष्टि की भी आशंका है। तेज हवा 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। 


तूफानी हवा भी चलेगी 
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत राज्य के अन्य भागों में अगले चार दिनों के दौरान तेज हवा और गरज के साथ बारिश तथा कहीं-कहीं वज्रपात होने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा व गरज के साथ बारिश साथ ही कहीं-कहीं वज्रपात होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान रांची के अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है। 21 मार्च तक झारखंड में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। वहीं, 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी।