द फॉलोअप डेस्क
न्यू जर्सी में आयोजित बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (बिजाना) के स्वर्ण जयंती समारोह एवं ग्लोबल कॉन्क्लेव में रांची मूल के डॉ. अविनाश गुप्ता और उनकी पत्नी डॉ. गीता गुप्ता को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें भारत और अमेरिका में स्वास्थ्य सेवा, समाज सेवा और सामुदायिक उत्थान के क्षेत्र में दिए गए उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
वर्तमान में न्यू जर्सी में निवास कर रहे गुप्ता दंपति ने झारखंड के सुदूरवर्ती आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल हेल्थ क्लिनिक के जरिए हजारों जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा सेवा, दवाएं, ब्लड टेस्ट, ईसीजी और एक्स-रे जैसी सुविधाएं मुहैया कराईं। अब तक उन्होंने 115 से अधिक स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 10,000 से अधिक लोगों का इलाज किया है।
कोविड-19 के दौरान भारत में उन्होंने 10-बेड का कोविड केयर सेंटर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और एंबुलेंस प्रदान कर कई जिंदगियाँ बचाईं। अमेरिका में डॉ. अविनाश श्री सिद्धिविनायक मंदिर एवं भारतीय सांस्कृतिक केंद्र के अध्यक्ष के रूप में डेढ़ सौ करोड़ रुपये से अधिक राशि सामुदायिक कार्यों के लिए जुटा चुके हैं।
डॉ. गीता गुप्ता ने फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशंस (FIA) की अध्यक्ष रहते हुए अमेरिका में सबसे बड़े भारत दिवस परेड का आयोजन किया, जो आज भारतीय संस्कृति का प्रतीक बन चुका है। डॉ. अविनाश बिजाना और मोनमाउथ मेडिकल सेंटर – साउदर्न कैंपस के भी अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में ओसियन काउंटी बोर्ड ऑफ हेल्थ के सदस्य हैं।
समारोह में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो भी मौजूद थे और उन्होंने गुप्ता दंपति को इस सम्मान के लिए बधाई दी।