द फॉलोअप डेस्क
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस परीक्षा में रांची के लालपुर की रहने वाली जिया श्रीवास्तव ने 473 अंक प्राप्त कर राज्य में चौथा स्थान (फोर्थ टॉपर) हासिल किया है। जिया उर्सुलाइन इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। जिया के पिता गौतम कुमार श्रीवास्तव टिफिन सर्विस का काम करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। परिवार की सीमित आर्थिक स्थिति के बावजूद जिया ने अथक मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया है। दो बहनों में सबसे छोटी जिया ने पूरे परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया है। अभी से जिया का लक्ष्य साफ है वह भविष्य में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर देश की सेवा करना चाहती हैं। उनका मानना है कि कठिन मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है। उनकी सफलता से परिवार और शिक्षकों में खुशी की लहर है, और रांची के लालपुर क्षेत्र में भी जश्न का माहौल है।