द फॉलोअप डेस्क
झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के क्रम में केंद्रीय सचिव बिनोद पांडे पूर्व विधायक विष्णु के आवास पर रुके। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पूर्व विधायक की पत्नी चमेली देवी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान बिनोद पांडे ने कहा कि केंद्रीय बजट में झारखंड के साथ खुलेआम सौतेला व्यवहार किया गया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “इस बजट में झारखंड को कुछ भी नहीं मिला, जो राज्य की जनता के साथ अन्याय है।”
बिनोद पांडे ने बताया कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है और देश की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान देता है, इसके बावजूद बजट में राज्य की आदिवासी, किसान, मजदूर और युवा वर्ग की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि यह बजट झारखंड की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला है। बैठक में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी केंद्र सरकार के इस रवैये पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि झामुमो सड़क से सदन तक झारखंड के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
.jpg)