द फॉलोअप डेस्क
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की विस्तारित केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज हरमू स्थित सोहराय भवन में होगी। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में झामुमो के सांसद, मंत्री, विधायक समेत केंद्रीय समिति के पदाधिकारी और सदस्य, जिलाध्यक्ष, जिला सचिव, महानगर अध्यक्ष, महानगर सचिव व जिला संयोजक शामिल होंगे। बैठक में सबसे अहम मुद्दा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 यानी MMDR Amendment Bill के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तय करना होगा। पार्टी इस विधेयक के खिलाफ बड़े स्तर पर आंदोलन की तैयारी कर रही है। बैठक में आंदोलन के स्वरूप, कार्यक्रम और संगठन की भूमिका पर चर्चा के साथ झामुमो के सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की तैयारियों पर भी मंथन होगा। बैठक के बाद पार्टी की आगे की रणनीति और आंदोलन के कार्यक्रम को लेकर तस्वीर साफ होने की संभावना है।