द पॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के डंडार गांव में मंगलवार को जमीन विवाद के कारण दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। इस झगड़े में झामुमो पांकी प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिन्हा की मृत्यु हो गई। मृतक की मां चिंतामणि देवी के अनुसार, सुबह मुन्ना सिन्हा अपने खेत जोतने गए थे। इसी दौरान उनका झगड़ा अरुण ठाकुर और डोमन ठाकुर से हुआ। झगड़े के बीच अरुण ठाकुर ने मुन्ना सिन्हा के सिर पर टांगी से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों और परिजनों ने घायल मुन्ना सिन्हा को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर, अस्पताल पुलिस चौकी के एएसआई सुशीला टीयू, नीरज सिंह, और पुलिस जवान विकास कुमार व महेंद्र कुमार अस्पताल पहुँचे और परिजनों से पूछताछ करके मामले की जाँच शुरू कर दी। घटना के बाद गांव में उदासी छाई हुई है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
