logo

संसद के विशेष सत्र पर झारखंड में घमासान, JMM ने टाइमिंग पर उठाए सवाल; सुप्रियो बोले- घबरा गया है केंद्र

a2.jpeg

सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। संसद के विशेष सत्र पर झारखंड में सियासत गरमा गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सत्र की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि सरकार को संसद के विशेष सत्र का औचित्य स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को विधिवत सूचना देनी चाहिए और सत्र का एजेंडा भी बचाना चाहिए ताकि विपक्षी दल तैयारी कर सकें।

इंडिया गठबंधन से घबरा गई है बीजेपी! 
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड में भी सरकार ने विशेष सत्र बुलाया जिसकी पूर्व सूचना विपक्ष को दी गई थी। यही परंपरा है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन की बैठक से घबराकर केंद्र सरकार ने ऐसा किया है। उन्होंने कहा कि विशेष सत्र की सूचना अधिसूचना की बजा संसदीय कार्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल से दी जा रही है। उन्होंने तंजात्मक लहजे में कहा कि क्या भविष्य में सरकारी फाइलें सोशल मीडिया से चलेंगी। मणिपुर हिंसा का उदाहरण देते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव ने कहा कि 3 महीने से पूर्वोत्तर का वह राज्य जल रहा है लेकिन केंद्र ने उस विषय पर सत्र बुलाना जरूरी नहीं समझा। 

कश्मीर से कन्याकुमारी तक हेमंत पर भरोसा! 
सुप्रियो भट्टाचार्य ने इंडिया गठबंधन में सभी 27 दलों को शामिल किए जाने पर झामुमो की ओर से आभार व्यक्त किया। सुप्रियो ने कहा कि जब इंडिया गठबंधन की पहली बैठक पटना में हुई तो बीजेपी ने मजाक बनाया था। दूसरी बैठक में गैस सिलेंडर की कीमतें कम की और अब तीसरी बैठक के बाद सरकार विशेष सत्र बुलाने पर मजबूर हो गई है। गौरतलब है कि झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष सह प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी इंडिया गठबंधन की समन्वय समिति में शामिल किया गया है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने  इसका जिक्र करते हुए कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक सभी दलों ने सीएम हेमंत पर भरोसा जताया। झामुमो गठबंधन में अपनी भूमिका निभाएगा।