logo

MP में 30 आदिवासी बच्चों की मौत पर JMM ने उठाए सवाल, BJP सरकार को बताया आदिवासी विरोधी; 25 लाख मुआवजा देने की मांग

MP में 30 आदिवासी बच्चों की मौत पर JMM ने उठाए सवाल, BJP सरकार को बताया आदिवासी विरोधी; 25 लाख मुआवजा देने की मांग

रांची 

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में 30 आदिवासी बच्चों की मौत के बाद बीजेपी सरकार सवालों के घेरे में है। विपक्षी दलों ने इस घटना को मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार की विफलता करार दिया है। इसी क्रम में झारखंड में सत्ताधारी दल झामुमो ने भी मध्य प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बीजेपी को आदिवासी विरोधी पार्टी बताते कहा कि उनकी कथनी और करनी में काफी अंतर है। रांची स्थित झामुमो के कैम्प कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते जामा विधायक लुईस मरांडी और तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। लुईस मरांडी ने कहा कि इस धटना से भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा बेनाका़ब हुआ है। उनका चेहरा देश वासियों के सामने आ गया है।

इस तरह की घटना भाजपा शासित राज्यों में आम बात 

मध्य प्रदेश के बालाघाट में आदिवासी समुदायों के बच्चे की मौत का मामला गंभीर चिंता का विषय है। एक महीने में 30 से अधिक बच्चों की मौत हुई है। उन्होंने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा आदिवासी बच्चे की हत्यारी है। भाजपा शासित राज्य MP में NCRB के रिपोर्ट के अनुसार सबसे ज्यादा मामला आदिवासी समाज के खिलाफ दर्ज है। जो लोग भाजपा के शोषण के खिलाफ आवाज़ उठाते हैं उनके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया जाता है। मध्य प्रदेश में आदिवासी समाज अपनी जमीन और बुनियादी अधिकार के लिए लड़ाई लड़ रहा है। MMDR के तहत केंद्र सरकार ऐसा बदलाव कर रही जिससे आदिवासी लोगों का हक मर जायेगा। झामुमो विधायक लुईस मरांडी ने MP में आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब किए जाने जैसी घटना को भाजपा शासित राज्यों में आम बात बताया।

आदिवासी बच्चों का जान इतना सस्ता नहीं

उन्होंने कहा कि आदिवासियों को तड़पाना केंद्र सरकार के सह पर ही होता है। 30 आदिवासी बच्चों की मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा, भाजपा क्यों भाग रही है। आखिर आदिवासियों के बच्चे कब तक मरते रहेंगे। आदिवासी बच्चों का जान इतना सस्ता नहीं है। लुईस मरांडी ने कहा कि जहाँ-जहाँ बीजेपी की सरकार है, इसके लिए उन्हें विशेष अधिकार प्राप्त है की कैसे आदिवासी को रौंदा जाए। यह घटना जून से ही शुरू हुई थी यदि सरकार जग जाती तो निश्चित रूप से वो बच्चे आज अपने परिवार के साथ रहते। किसी भी राज्य में बीमारी हो सकती है। विधायक लुईस मरांडी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वहां की सरकार शुरू से ही आंकड़ा छुपा रही है, बीजेपी ने लोगों की हत्या की है। देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा आदिवासी के विषय में सिर्फ CM हेमंत सोरेन सोचते हैं।

MP सरकार ने इसलिए ध्यान नहीं दिया की वो आदिवासी के बच्चे थे

इस दौरान विधायक सुदीप गुड़िया ने भी मध्य प्रदेश की सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि MP की घटना यूँ ही नहीं हुई है। ये बीजेपी सरकार की नाकामी को दिखाती है। वहां की सरकार ने इसलिए ध्यान नहीं दिया की वो आदिवासी के बच्चे थे। बीजेपी चाहती ही है कि दबे कुचले लोग और नीचे रहे। इस गंभीर मामले में उच्च न्यायालय को अंतिम में संज्ञान लेना पड़ा। बीजेपी हमेशा अपनी नाकामी छुपाने में लगे रहती है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। झामुमो ने मांग की है कि उनके परिजनों को 25 लाख मुआवजा दिया जाए। बीजेपी की सोच आदिवासी के प्रति साफ दिखता है। यह काफी दुःखद घटना है। अंत में उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सिर्फ आदिवासी हितैषी की बात नहीं करते काम भी करते हैं।

Tags - Tribal Children Death JMM BJP Mohan yadav