logo

बड़ी खबर : JMM ने राजमहल से विजय हांसदा और सिंहभूम से जोबा मांझी को बनाया उम्मीदवार

FF.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लोकसभा चुनाव में अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस बार राजमहल लोकसभा सीट से निवर्तमान सांसद विजय हांसदा को तीसरी बार टिकट मिला है। चाईबासा संसदीय सीट पर जोबा मांझी को उम्मीदवार बनाया गया है। जोबा मांझी हेमंत कैबिनेट में महिला और बाल विकास मंत्री थीं। नई चंपई कैबिनेट में उनसे मंत्रिपद ले लिया गया था। अब उनको लोकसभा सीट के रूप में बलिदान का इनाम मिला है। विजय हांसदा ने 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव में लगातार 2 बार राजमहल में झारखंड मुक्ति मोर्चा को जीत दिलाई। उनको तीसरी बार भी उम्मीदवार बनाया गया है। 

झामुमो ने 4 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया
मीडिया रिपोर्ट्स में चल रहे सीट शेयरिंग फॉर्मूले के मुताबिक अब झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने कोटे के 4 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। इससे पहले झामुमो ने झामुमो में नलिन सोरेन और गिरिडीह में मथुरा प्रसाद महतो को प्रत्याशी घोषित किया था। बता दें कि आम चुनाव में राजमहल में झामुमो के विजय हांसदा का मुकाबला बीजेपी के ताला मरांडी से होगा। चाईबासा में झामुमो की महुआ मांझी का मुकाबला कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आईं गीता कोड़ा से होगा। गौरतलब है कि विजय हांसदा की उम्मीदवारी का विरोध लगातार दिग्गज झामुमो नेता लोबिन हेम्ब्रम द्वारा किया जा रहा था। लोबिन हेम्ब्रम का दावा है कि संसदीय क्षेत्र में विजय हांसदा के प्रति नाराजगी है। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी चुनाव लड़ने की चेतावनी दी थी। 

कांग्रेस ने 3 सीटों पर उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया
गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन के घटक दल में शामिल कांग्रेस पार्टी ने अभी 3 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है। पार्टी ने खूंटी से कालीचरण मुंडा, हजारीबाग से जेपी पटेल और लोहरदगा से सुखदेव भगत को प्रत्याशी बनाया है। गठबंधन में शामिल भाकपा (माले) ने कोडरमा से विनोद सिंह को प्रत्याशी बनाया है वहीं पलामू में आरजेडी ने ममता भुइयां को प्रत्याशी बनाया है। एनडीए ने झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। गठबंधन की तरफ से अभी कुछ ऐलान बाकी है। 

Tags - Jharkhand NewsJoba ManjhiVijay HansdaLoksabha Election 2024JMM