logo

बड़ी खबर : 21 अप्रैल को 'न्याय उलगुलान रैली' करेगा JMM, प्रभात तारा मैदान में जुटेंगे दिग्गज

a708.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची: 

झारखंड मुक्ति मोर्चा 21 अप्रैल को रांची के प्रभात तारा मैदान में न्याय उलगुलान रैली का आयोजन करेगा। इसमें इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के नेता शामिल होंगे। इस रैली के जरिए झारखंड में इंडिया गठबंधन, झारखंड में लोकसभा चुनाव के अपने अभियान का आधिकारिक आगाज करेगा। आज रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा की बैठक में ये बड़ा फैसला लिया गया। इससे पहले इंडिया गठबंधन के नेता 20 मार्च को मुंबई के शिवाजी पार्क में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन समारोह में जुटे थे। इसके बाद दिल्ली में विजय संकल्प महारैली का आयोजन किया गया था। अब रांची में इंडिया गठबंधन के नेता जुटेंगे। 

इंडिया गठबंधन के दिग्गज नेता जुटेंगे
रांची के प्रभात तारा मैदान में प्रस्तावित न्याय उलगुलान रैली में कल्पना मुर्मू सोरेन पर भी निगाहें होंगी कि वे इंडिया गठबंधन के तमाम दिग्गज नेताओं की आगवानी किस प्रकार करती हैं। कैसे वह, झारखंड में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी सहित अन्य मुद्दों पर सहयोगी दल के नेताओं को बोलने के लिए तैयार करती हैं। इससे पहले मुंबई और दिल्ली में कल्पना मुर्मू सोरेन सरकार और बीजेपी पर जमकर गरजीं। दिल्ली में जहां उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाकर, लोगों से बदलाव की गुहार लगाई तो वहीं दिल्ली में श्रीराम का नाम लेकर दया, करुणा, सहनशीलता और धैर्य जैसे शब्दों का उदाहरण देकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। अब झारखंड में अपने गढ़ में कल्पना क्या कहेंगी, सबकी निगाहें इस पर होगी। 
 

गठबंधन ने इन सीटों पर प्रत्याशी घोषित किया
बता दें कि इंडिया गठबंधन ने अभी झारखंड की सभी लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान नहीं किया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अभी दुमका और गिरिडीह में उम्मीदवारों का ऐलान किया है वहीं, कांग्रेस पार्टी ने लोहरदगा, हजारीबाग और खूंटी में उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। भाकपा (माले) ने कोडरमा सीट पर विनोद सिंह को प्रत्याशी बनाया है। 
 

Tags - Jharkhand NewsJMMRanchiINDIALoksabha Election 2024