logo

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ोतरी के खिलाफ JMM का गिरिडीह के टावर चौक पर प्रदर्शन

रसस5.jpg

पीयूष मिश्रा/ गिरिडीह
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में हुई बढ़ोतरी के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शहर के टावर चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने किया। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ने से छोटे होटल, ढाबा और अन्य व्यवसाय से जुड़े लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है, इसके बावजूद केंद्र सरकार लगातार दाम बढ़ा रही है, जिससे आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।


केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण छोटे कारोबारी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं और महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को बढ़े हुए एलपीजी सिलेंडर के दाम तुरंत वापस लेने चाहिए ताकि छोटे व्यवसायियों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा नीतियां जनविरोधी हैं। धरने के दौरान जेएमएम नेताओं ने पश्चिम बंगाल चुनाव का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए सरकारी संस्थाओं और तंत्र का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने भाजपा की जीत को लोकतंत्र पर सवाल खड़ा करने वाला बताया और इसे निष्पक्ष प्रक्रिया नहीं कहा।


कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
धरना प्रदर्शन में मेयर प्रमिला मेहरा, पूर्व विधायक केदार हाजरा, डिप्टी मेयर, जेएमएम नेता अजीत कुमार पप्पू, रॉकी सिंह, राकेश रंजन, अभय सिंह, दिलीप रजक, महालाल सोरेन, प्रधान मुर्मू और साबिर खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने मिलकर बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की और विरोध प्रदर्शन किया।

 

Tags - Jharkhand JMM Protest LPG Inflation