द फॉलोअप डेस्क
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई के खिलाफ पूरे झारखंड में एक साथ प्रदर्शन कर राजनीतिक माहौल को गरमा दिया। पार्टी के आह्वान पर सभी 24 जिला मुख्यालयों में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। रामगढ़ में हुए प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि वे सड़क से लेकर सदन तक कड़ा प्रदर्शन करेंगे।
सभी जिलों में एक साथ विरोध
इस राज्यव्यापी आंदोलन में गिरिडीह, रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, पलामू, धनबाद, देवघर, चाईबासा, बोकारो, चतरा, कोडरमा, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, लातेहार, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, सरायकेला-खरसावां और दुमका सहित सभी जिलों में प्रदर्शन दर्ज किया गया। गैस सिलेंडर के साथ विरोध और प्रतीकात्मक प्रदर्शन किए गए।
महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना
JMM नेताओं ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से छोटे व्यापारियों, होटल और ढाबा संचालकों पर सीधा असर पड़ेगा, जबकि आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। पार्टी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है और आम लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। इस आंदोलन के जरिए JMM ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में महंगाई के मुद्दे पर संघर्ष और तेज किया जाएगा।