logo

कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिलना सराहनीय कदम, अब 'गुरुजी' की बारी; JMM ने उठाई मांग

a1322.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बिहार के जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए दिशोम गुरु, शिबू सोरेन के लिए भी भारत रत्न की मांग उठाई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा कि गुरुजी देश के सबसे लोकप्रिय आदिवासी नेता हैं। भारतीय राजनीति में उनके योगदान और आदिवासी समुदाय में उनकी लोकप्रियता को देखते हुए अब वक्त आ गया है कि उन्हें भी भारत रत्न से नवाजा जाए। झामुमो ने कहा कि वे पार्टी फोरम में यह बात उठाएंगे और मुख्यमंत्री को अपनी मांग से अवगत कराएंगे ताकि वह प्रधानमंत्री से इस संबंध में वार्ता कर सकें।

इस बीच कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा का स्वागत करते हुए झामुमो ने कहा कि इसमें 10 वर्ष नहीं लगना चाहिए। गौरतलब है कि 23 जनवरी को केंद्र सरकार ने ऐलान किया कि कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया जाएगा। 


सभी दलों ने किया फैसले का स्वागत
कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने का तकरीबन सभी पार्टियों ने स्वागत किया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोग कई वर्षों से यह मांग कर रहे थे लेकिन अब मानी गई। खैर, देर आये-दुरुस्त आए। उन्होंने कहा कि बिहार के जननायक कर्पूरी ठाकुर का राजनीतिक जीवन हम सब लोगों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने गरीबों, दलितों और पिछड़ों के लिए बहुत काम किया। लालू प्रसाद यादव ने उन्हें अपना राजनीतिक गुरु बताया। 

पीएम मोदी ने ट्विटर पर किया ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देशभर के मेरे परिवारजनों की ओर से जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को उनकी जन्म-शताब्दी पर मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। इस विशेष अवसर पर हमारी सरकार को उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। भारतीय समाज और राजनीति पर उन्होंने जो अविस्मरणीय छाप छोड़ी है, उसे लेकर मैं अपनी भावनाओं और विचारों को आपके साथ साझा कर रहा हूं।