logo

गीता कोड़ा ने जनता का भरोसा तोड़ दिया, मेरी जीत देगी जवाब- जोबा मांझी

रदवो.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झामुमो ने जोबा मांझी को सिंहभूम लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। झामुमो ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा के खिलाफ अपना उम्मीदवार बनाया है। झामुमो द्वारा प्रत्याशी घोषित किये जाने के बाद जोबा मांझी ने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। वे उस पर खरा उतरने की कोशिश करेंगी। जल, जंगल और जमीन की लड़ाई को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। वह लोकसभा चुनाव में क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएंगी। इस सवाल पर कि वह अपनी जीत को लेकर कितने आश्वस्त हैं, उन्होंने कहा कि सिंहभूम की जनता तैयार है। समय आने पर पता चल जायेगा। 


गीता कोड़ा को लेकर कही ये बात
उन्होंने गीता कोड़ा का नाम लिये बिना कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में गठबंधन ने कांग्रेस पार्टी का उम्मीदवार खड़ा किया था। जिसे सिंहभूम की जनता और गठबंधन के सहयोग और समर्थन से जीता गया। लेकिन ऐन मौके पर गीता कोड़ा ने बीजेपी में शामिल होकर सबका भरोसा तोड़ा है। हम सभी के सहयोग से उन्हें दिल्ली भेजा गया था। वह जीत उनकी अपनी जीत या ताकत नहीं थी। बता दें कि जोबा माझी के राजनीतिक कैरियर के सामने गीता कोड़ा काफी युवा नेत्री हैं। जोबा मांझी को चुनाव जीतने का और विधायक मंत्री बनने का अनुभव काफी ज्यादा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा की इस बार सिंहभूम में किसकी जीत होगी। भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा फिर से सिंहभूम में कमल खिलाने में सफल हो पायेगी या फिर जोबा माझी सिंहभूम के चुनावी रण में जीत के लक्ष्य पर सठिक निशाना साधकर कर सिंहभूम का सांसद बनने का पहली बार गौरव हासिल करेंगी। 
 


पांच बार विधायक रह चुकी हैं जोबा
बता दें कि जोबा मांझी मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रह चुकी हैं। साथ ही संयुक्त बिहार सरकार के दौरान मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के कार्यकाल में भी मंत्री रह चुकी हैं। झारखंड गठन के बाद वह बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन के कार्यकाल में भी मंत्री रह चुकी हैं।