हजारीबाग
हजारीबाग में पत्रकार पर हुए हमले का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यक्रम के दौरान पत्रकार के साथ हुई घटना को लेकर पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। हजारीबाग पहुंचे भानु प्रताप शाही ने मंत्री इरफान अंसारी और उनके समर्थकों पर जमकर निशाना साधा। दरअसल, कुछ दिन पहले हजारीबाग के चर्चित तिरपाल ट्रिपल मर्डर मामले को लेकर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सदर अस्पताल पहुंचे थे। यहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से बंद कमरे में मुलाकात की और बाद में मीडिया से बातचीत की।

सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा
इसी दौरान एक पत्रकार ने मंत्री इरफान अंसारी से चतरा एयर एंबुलेंस हादसे को लेकर सवाल पूछा। पत्रकार ने जानना चाहा कि हादसे की जांच में अब तक क्या कार्रवाई हुई है और जांच कहां तक पहुंची है। आरोप है कि इस सवाल के बाद मंत्री के कुछ समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पत्रकार के साथ धक्का-मुक्की और हमला किया। यह घटना सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

हाथ में माइक और दूसरे हाथ में लाठी
इसी मामले पर शुक्रवार को हजारीबाग पहुंचे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर कोई पत्रकार मंत्री इरफान अंसारी का बयान लेने जाए, तो एक हाथ में माइक और दूसरे हाथ में लाठी लेकर जाए। इतना ही नहीं, उन्होंने विवादित अंदाज में यह भी कहा कि पत्रकारों को अपनी सुरक्षा के लिए लाइसेंसी हथियार तक रखना पड़ेगा, क्योंकि कब मंत्री के समर्थक हमला कर दें, इसका भरोसा नहीं है। भानु प्रताप शाही के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। एक तरफ पत्रकार संगठनों में घटना को लेकर नाराजगी है, तो वहीं विपक्ष भी सरकार और मंत्री इरफान अंसारी पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में मंत्री इरफान अंसारी की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।