रांची
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है। सीआईडी ने पीटी परीक्षा में सफल हुए सभी 2204 अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट का मिलान कराने का फैसला किया है। इसलिए CID ने परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से उनकी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध कराने की अपील की है। इसके लिए सीआईडी की विशेष जांच टीम (SIT) ने व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी जारी की है। सीआईडी ने सफल अभ्यर्थियों से कहा है कि वे पेपर-1 और पेपर-2 की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी का पीडीएफ बनाकर या उसकी स्पष्ट तस्वीर खींचकर व्हाट्सएप अथवा ईमेल के माध्यम से एसआईटी को भेजें। दस्तावेज भेजने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9934309058 और ईमेल आईडी Complainjpsc.cid@jhpolice.gov.in जारी की गई है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि दोनों OMR शीट में किसी प्रकार का अंतर या छेड़छाड़ तो नहीं हुई है। जिन अभ्यर्थियों की OMR शीट में कोई विसंगति मिलेगी, उन्हें आगे पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा
पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से लगातार पूछताछ
उधर, जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच में सीआईडी ने तेजी ला दी है। इसी क्रम में आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से लगातार पूछताछ की जा रही है। मंगलवार (29 जुलाई) को उनसे दूसरे दिन भी सीआईडी मुख्यालय में कई घंटों तक पूछताछ हुई। इससे पहले 28 जुलाई को भी अधिकारियों ने उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान सीआईडी अधिकारियों ने परीक्षा संचालन, चयन प्रक्रिया और भर्ती से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी ली। जांच एजेंसी ने एल. खियांग्ते को 31 जुलाई को एक बार फिर पूछताछ के लिए तलब किया है।