रांची
जेएससीए (Jharkhand State Cricket Association) के पिछले वर्ष हुए चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश और लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप बाई-लॉज का निबंधन कराए बिना चुनाव कराने के आरोपों के बीच BCCI के ओम्बुड्समैन सह एथिक्स अफसर Arun Mishra ने JSCA से जवाब तलब किया है।
ओम्बुड्समैन ने JSCA को चार सप्ताह के भीतर विस्तृत जवाब देने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि JSCA को कोई अतिरिक्त जवाब (रिजॉइंडर) दाखिल करना है, तो निर्धारित समयसीमा के बाद केवल एक सप्ताह का अतिरिक्त समय ही दिया जाएगा।

शिकायत और रिमाइंडर के बाद जारी नोटिस
यह नोटिस JSCA के सदस्य नंदू पटेल द्वारा 14 अक्टूबर 2025 को की गई शिकायत और 28 फरवरी 2026 को भेजे गए रिमाइंडर के आधार पर जारी किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चुनाव प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं किया गया।
JSCA चुनाव में कथित धांधली और अनियमितताओं को लेकर मामला झारखंड हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है। इससे पूरे प्रकरण की गंभीरता और बढ़ गई है। इस घटनाक्रम के बाद क्रिकेट प्रशासन में पारदर्शिता और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सबकी नजर JSCA के जवाब और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।
