logo

JSSC CGL भर्ती विवाद में 28 और सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ, 2 और कैंडिडेट को भेज समन

JSSC CGL भर्ती विवाद में 28 और सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ, 2 और कैंडिडेट को भेज समन

रांची:
जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआईडी ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दौरान गुरुवार रात कोडरमा से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिन पर सीजीएल के सफल अभ्यर्थियों से कथित तौर पर पैसे की वसूली करने का संदेह है। दोनों को रांची लाकर पूछताछ की गई। वहीं, सीआईडी की अलग-अलग टीमों ने 28 सफल अभ्यर्थियों से भी पूछताछ की है। दूसरी ओर, गिरिडीह के बेंगाबाद प्रखंड में भी जांच का दायरा बढ़ा है। यहां चार सफल अभ्यर्थियों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। 

कोडरमा के दो संदिग्ध हिरासत में
प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली की जांच कर रही सीआईडी की एक टीम ने कोडरमा के पूर्णानगर निवासी संदीप कुमार को हिरासत में लिया। वहीं, दूसरी टीम ने डोमचांच के गोलवढाब निवासी राजेश यादव को पकड़ा। दोनों पर सीजीएल परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों से पैसे की वसूली किए जाने के संदेह में जांच की जा रही है। सीआईडी को पूछताछ के दौरान यदि इनकी भूमिका संदिग्ध मिलती है, तो आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

28 सफल अभ्यर्थियों से भी पूछताछ
कोडरमा के दोनों संदिग्धों से पूछताछ के अलावा सीआईडी की अलग-अलग टीमों ने 28 सफल अभ्यर्थियों से भी जानकारी ली है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी के दौरान अभ्यर्थियों से किस स्तर पर संपर्क किया गया था और क्या किसी अभ्यर्थी ने इसके लिए पैसे दिए थे। पूछताछ के आधार पर सीआईडी संदिग्धों और अभ्यर्थियों के बीच संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।

धर्मेंद्र की भूमिका भी जांच के घेरे में
जेएसएससी सीजीएल गड़बड़ी मामले में सीआईडी धर्मेंद्र कुमार की भूमिका की भी जांच कर रही है। शुक्रवार को सीआईडी की टीम ने धर्मेंद्र से पूछताछ की। इसके अलावा एसआईटी ने धर्मेंद्र और कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की। जांच एजेंसी दोनों के बीच संभावित संपर्क और परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़ी भूमिका की जानकारी जुटा रही है।

बेंगाबाद में चार सफल अभ्यर्थियों को नोटिस
पेपर लीक मामले में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के समीर उर्फ शालू की गिरफ्तारी के बाद सीआईडी ने बेंगाबाद में भी जांच तेज कर दी है। सीआईडी ने बेंगाबाद प्रखंड के चार सफल अभ्यर्थियों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। बेंगाबाद थाना पुलिस के सहयोग से मोतीलेदा के सिजुआ, ताराटांड़ पंचायत के बड़ियाबाद, बदवारा पंचायत के मुरगुमी समेत एक अन्य गांव में संबंधित अभ्यर्थियों के घर नोटिस तामिल कराया गया है। ये सभी जेएसएससी सीजीएल के सफल अभ्यर्थी बताए जा रहे हैं। 

बेंगाबाद में करीब 20 अभ्यर्थियों पर नजर
सूत्रों के अनुसार, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से करीब 20 अभ्यर्थियों के नाम जांच के दायरे में आए हैं। सीआईडी इन अभ्यर्थियों से पूछताछ और उनके संपर्कों की पड़ताल कर रही है। स्थानीय पुलिस इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से बच रही है।

अभय तिवारी के नेटवर्क की भी पड़ताल
सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मास्टरमाइंड अभय तिवारी के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित ससुराल में छापेमारी के बाद से सीआईडी की सक्रियता बढ़ी है। जांच एजेंसी अभय तिवारी से जुड़े लोगों और उनके संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। बेंगाबाद में लगातार सामने आ रहे अभ्यर्थियों और संदिग्धों से पूछताछ के बाद माना जा रहा है कि जांच का दायरा अभी और बढ़ सकता है। हालांकि, किसी अभ्यर्थी की भूमिका जांच पूरी होने से पहले दोषी के तौर पर तय नहीं मानी जा सकती।

Tags - JSSC CGL JSSC Paper Leak Jharkhand CID Abhay Tiwari Koderma News