logo

JSSC-CGL मामला : विधानसभा सचिव की गिरफ्तारी के बाद दामाद की तलाश में पुलिस, पटना में छापेमारी

JSSC_Main3.jpg

रांची 

JSSC-CGL पेपर लीक मामले में झारखंड विधानसभा (Jharkhand Assembly) के अवर सचिव शमीम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उनके दामाद को तलाश कर रही है। पेपर लीक मामले की जांच कर रही एसआईटी (SIT) की टीम को अवर सचिव के दामाद के खिलाफ कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। मिली खबर के मुताबिक पुलिस ने इस संबंध में शमीम के दामाद रिजवान के पटना स्थित ठिकाने पर छापेमारी की है। लेकिन वो फरार मिला। एसआईटी की टीम ने रिजवान के पटना अनीशाबाद स्थित आवास पर छापेमारी की है। एसआईटी ने कहा है कि पेपर लीक मामले में रिजवान की संलिप्तता सामने आयी है। 


क्या कहा पुलिस ने 

पेपर लीक मामले की जांच कर रही एसआईटी टीम ने कहा है कि रिजवान के खिलाफ मामले में पर्याप्त सबूत मिले हैं। हालांकि ये सूबत क्या है और किस प्रकार से ये केस को मजबूत कर सकेंगे, इस बारे में टीम ने कुछ बताने से इनकार कर दिया। इतना जरूर कहा कि रिजवान विधानसभा में मार्शल के पद पर कार्यरत है और रिश्ते में गिरफ्तार अवर सचिव का दामाद है। पटना आवास पर छापेमारी के दौरान वो फरार मिला। अब उसकी तलाश के लिए टेक्निकल सेल की मदद ली जा रही है। 

क्या कहा गिरफ्तार अवर सचिव ने 
इधर, गिरफ्तार अवर सचिव शमीम ने पुलिस को बताया है कि वह सिर्फ अभ्यर्थियों को ढूंढने का काम करता था। पैसा अनीशाबाद स्थित दामाद रिजवान के घर तक पहुंचा देता था। वहां से रिजवान सरगना तक पैसा पहुंचाता था। मालूम हो कि पेपर लीक मामले में एसआईटी ने रविवार को ही नगड़ी के नयासराय से झारखंड विधानसभा के अवर सचिव शमीम और उनके दो बेटों शहजादा इमाम व शाहनवाज इमाम को गिरफ्तार किया है।