नंदलाल तुरी
न्याय सबके द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज पाकुड़ से “जस्टिस ऑन व्हील्स” कार्यक्रम के तहत चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह विशेष वाहन जिले के सभी प्रखंडों में जाकर आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा नि:शुल्क विधिक सहायता से संबंधित जानकारी प्रदान करेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), पाकुड़ शेषनाथ सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुमार क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत चंद्रा, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदीश उज्ज्वल बैक, बार एसोसिएशन के सचिव दीपक ओझा, डीएसपी अजय आर्यन समेत न्यायालय के अन्य कर्मी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
वैन के साथ डीएलएसए की सचिव रूपा वंदना किरो और पीएलवी (पैरालीगल वॉलंटियर्स) विभिन्न प्रखंडों का भ्रमण कर ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता फैलाएँगे। यह अभियान आगामी एक माह तक जिले के सभी प्रखंडों में लगातार जारी रहेगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह ने कहा कि विधिक जागरूकता ही न्याय तक पहुंच का पहला कदम है। उनका लक्ष्य ‘हर नागरिक तक न्याय’ के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने कहा कि न्याय सेवा अब लोगों के द्वार तक पहुंचेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने भी कहा कि प्रशासन एवं न्यायपालिका के समन्वय से ऐसे कार्यक्रम समाज में विधिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
