logo

शासन का मतलब तानाशाही हो गया है, केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बोलीं कल्पना

a3920.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:


दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गुरुवार देर शाम ईडी ने शराब घोटाला केस के मामले में गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले एसीपी रैंक के तकरीबन 8 अधिकारी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। 2 घंटे तक चली लंबी पूछताछ के बाद पहले तो उनका मोबाइल जब्त किया गया और फिर केजरीवाल को हिरासत में ले लिया गया। अब, केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष के तमाम नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। इसी सिलसिले में अब आई स्टैंड विद केजरीवाल हैशटैग के साथ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी का नाम लिए बिना जोरदार निशाना साधा है। 

कल्पना सोरेन ने ट्वीट में क्या लिखा है
कल्पना मुर्मू सोरेन, हेमंत सोरेन के ही आधिकारिक ट्विटर हैंडल से अपनी बात रखती हैं। उन्होंने ट्वीट किया जिसमें लिखा है कि शासन का मतलब तानाशाही हो गया है। देश का हर कोना इनके जुल्म की कहानी हो गया है। कल्पना मुर्मू सोरेन ने लिखा कि इन्हें लगता है कि करोड़ों लोगों का नेतृत्व कर रहे जन-नेताओं को गिरफ्तार कर ये फिर से गद्दी में बैठ जाएंगे। उन्होंने लिखा कि देश की स्वाभिमानी और निडर जनता इनके भ्रम और अहंकार का मुंहतोड़ जवाब देगी। इंडिया झुकेगा नहीं। गौरतलब है कि इससे पहले राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, आतिशी मार्लेना और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी  इसे तानाशाही रवैया करार दिया था। प्रियंका गांधी ने कहा था कि आप विपक्ष की नीतियों और कार्यशैली की खुलकर आलोचना कीजिए। यही लोकतंत्र है लेकिन, इस प्रकार से विरोधियों को जेल में डाल देना स्वस्थ लोकतंत्र की निशानी नहीं है। 


शराब नीति गड़बड़ी मामले में कार्रवाई हुई
गौरतलब है कि दिल्ली की शराब नीति में कथित गड़बड़ी में संलिप्तता के आरोपों में ईडी ने अरविंद केजरीवाल को 9 बार समन भेजा लेकिन वे हाजिर नहीं हुए। आखिरकार, गुरुवार को ईडी के अधिकारी 10वां समन लेकर सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। यहां 2-3 घंटे की पूछताछ के बाद उनको हिरासत में ले लिया। बता दें कि इससे पहले दिल्ली के उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। अब केजरीवाल भी गिरफ्त में हैं।