logo

झारखंड से चिढ़ती है BJP, झारखंडियों का हक मारकर पैसा दूसरे राज्यों को दिया- कल्पना मुर्मू सोरेन

a1714.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, धनबाद:

झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से इंडिया गठबंधन की स्टार प्रचारक कल्पना मुर्मू सोरेन ने धनबाद में कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह के लिए प्रचार किया। कल्पना मुर्मू सोरेन धनबाद में आयोजित जनसभा में शामिल हुईं और लोगों से अनुपमा सिंह के पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने 20 साल तक झारखंड में सुनियोजित ढंग से लूट मचाई। लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से दूर रखा। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि बीजेपी वाले कहेंगे कि हमने पेंशन दिया लेकिन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे बतायें कि ये हेमंत सोरेन ने दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की यह संवेदनशीलता ही थी कि उन्होंने सर्वजन पेंशन स्कीम में आयु सीमा 60 से घटाकर 50 वर्ष कर दिया। 

झारखंड से चिढ़ते हैं बीजेपी वाले!
कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि बीजेपी को झारखंड से चिढ़ है और यही वजह है कि प्रदेश में आवास का पैसा बीजेपी शासित राज्यों को आवंटित किया। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 20 लाख परिवारों को आबुआ आवास देने का काम शुरू किया। 3 कमरों का पक्का घर गरीबों को दिया जा रहा है। डबल इंजन की सरकार में 11 लाख राशन कार्ड निरस्त किये गये थे। अब 20 लाख लोगों को हरा राशन कार्ड मिला। गरीब परिवार के बच्चों को अत्याधुनिक अंग्रेजी माध्यम वाली शिक्षा देने के लिए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत हुई। पूर्ववर्ती सरकार ने हजारों स्कूल बंद कर दिये थे। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि बीजेपी झारखंडियों को कीड़ा-मकौड़ा समझती है लेकिन ये क्रांतिकारियों की भूमि है। हमने झुकना नहीं सीखा। लड़ना जानते हैं। 

तानाशाही ताकत के खिलाफ है लड़ाई
कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि इस चुनाव में जनता तानाशाही ताकतों के खिलाफ लड़ रही है। जनता जनार्दन वक्त आने पर तानाशाही ताकतों का तख्ता पलट देती है। उन्होंने कहा कि अपने हक अधिकार की आवाज के लिए इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी अनुपमा सिंह को जिताएं। 
 

Tags - Kalpana Murmu SorenJharkhand NewsJMMLok Sabha Chunav 2024Dhanbad