logo

कल्पना मुर्मू सोरेन ने विधानसभा चुनाव, BJP में बवाल और सीता सोरेन के आरोपों पर क्या जवाब दिया? 

a1915.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने मंगलवार को गढ़वा में मीडिया को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव, भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई में जारी अंतर्कलह और सीता सोरेन के विश्वासघात वाले बयान पर बेबाकी से जवाब दिया। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदर्शन और गांडेय में मेरी जीत दरअसल, पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, विधायकों और बाकी सिपहसालारों की मेहनत का नतीजा है। कल्पना सोरेन ने कहा कि गुरुजी का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता। हेमंत सोरेन जेल में हैं। उन दो दिग्गजों की गैर-मौजूदगी में पार्टी ने जैसा प्रदर्शन किया, उसके लिए सभी लोग बधाई के पात्र हैं। पार्टी का नेतृत्व संभालने के सवाल पर कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि मैं तो केवल सिपाही हूं। हमें गुरुजी का मार्गदर्शन मिलता रहता है। हेमंत सोरेन दिशा-निर्देश देते हैं। सोचने और फैसला लेने का काम थिंक टैंक करता है। हम तो केवल उस पर अमल करते हैं। 

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटीं कल्पना
कल्पना मुर्मू सोरेन ने हुसैनाबाद में विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज करते हुए कहा कि अब बोलने का नहीं बल्कि काम करने का समय आ गया है। लोकसभा चुनाव के रूप में एक पड़ाव पार हुआ और अब विधानसभा चुनाव की चुनौती है। गठबंधन में सीट शेयरिंग के सवाल पर कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि उसका गणित सही समय पर पता चलेगा। गठबंधन पर भी सही वक्त आने पर विचार होगा। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि अभी हमारा लक्ष्य है कि लंबित योजनाओं को अगले 5 महीने में धरातल पर उतारा जाये। ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन अच्छा काम कर रहे हैं। 

सीता सोरेन के विश्वासघात वाले बयानों पर क्या बोलीं
बीजेपी में अंतकर्लह और समीक्षा बैठकों में कथित मारपीट जैसे प्रकरणों पर कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि इसे मारपीट कहना सही नहीं होगा। हर पार्टी में चुनाव बाद समीक्षा बैठकें होती है। ऐसी बातें होती रहती है। किसी को भी उस पर खुश होने की जरूरत नहीं है। हमारा फोकस इस बात पर है कि आगे क्या और बेहतर किया जा सकता है। सीता सोरेन के विश्वासघात वाले बयान पर बोलने से इनकार करते हुए कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि इस पर टिप्पणी करना ठीक नहीं होगा। 

Tags - Kalpana Murmu SorenJMMJharkhand Vidhansabha ChunavJharkhand NewsJharkhand Latest News