logo

मुंबई के शिवाजी पार्क में गरजीं कल्पना, बोलीं- झारखंड में अब कभी BJP का कमल नहीं खिलेगा

a256.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की न्याय यात्रा के समापन के मौके पर मुंबई के शिवाजी पार्क में इंडिया गठबंधन के नेताओं का जुटान हुआ। कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन और मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी शिरकत की। कल्पना मुर्मू सोरेन ने मंच से जनसभा को संबोधित किया। संबोधन के दौरान कल्पना मुर्मू सोरेन ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। कल्पना मुर्मू सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेजने का आरोप लगाया। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि सत्तारूढ़ शक्तियां चाहे जितनी ताकत लगा ले, वह महागठबंधन को झुका नहीं पाएगी। झारखंड कभी नहीं झुकेगा। झारखंड कभी नहीं हारेगा। 

भविष्य की चिंता है तो तानाशाही सरकार को हटाओ
शिवाजी पार्क में जनसभा को संबोधित करते हुए कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि आज इस ऐतिहासिक मैदान में पूरा इंडिया आया हुआ है। पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक विभिन्न विचारों, उम्मीदों और सपनों के साथ लोग मंच साझा कर रहे हैं। यही इंडिया है। उन्होंने कहा कि मैं सामने मौजूद जनसैलाब का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने मंच पर बैठे इन महान नेताओं को चुना है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील करते हुए कहा कि यदि आपको अपने भविष्य की चिंता है तो इस तानाशाही सरकार को हटाकर दिखाई जो आपके हक और अधिकार छीन रही है। आपकी चुनी हुई सरकारों को अपदस्थ करती है। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि तानाशाही ताकत के खिलाफ इंडिया इकट्ठा हुआ है। इंडिया झुकेगा नहीं। इंडिया टूटेगा नहीं।

 

महाराष्ट्र में चुनी हुई सरकार को पैसों से तोड़ा गया
कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि महाराष्ट्र में विधायकों को खरीदकर चुनी हुई सरकार को तोड़ दिया गया। झारखंड में भी ऐसा ही प्रयास किया गया था लेकिन, वहां महागठबंधन के विधायकों ने एकजुट होकर दिखा दिया कि जितनी भी ब़ड़ी ताकत क्यों नहीं आ जाये, झारखंड की सरकार को नहींहिला सकती। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिछले 4 साल में दिव्यांगों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है जिसे मौजूदा मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं गठबंधन के सभी नेताओं से यह कहना चाहती हूं कि डरना नहीं है। 

झारखंड में अब कभी भी कमल नहीं खिल पायेगा
मुंबई में गरजते हुए कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि राहुल गांधी महीनों से मेहनत कर रहे हैं। फील्ड में उन्होंने जमकर पसीना बहाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने न्याय यात्रा के लिए उस मणिपुर को चुना जहां आग लगी हुई थी। मणिपुर की जनता का क्या हाल हुआ? महिलाओं का क्या हाल हुआ, किससे छिपा है? किसी ने भी उनकी सुध लेना जरूरी नहीं समझा लेकिन राहुल गांधी का दिल बड़ा है। उन्हें मणिपुर के लोगों की पीड़ा दिखी। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन जी ने महाजनी व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई लड़ी। मेरे पति हेमंत सोरेन भी उसी मानसिकता के खिलाफ लड़ते-लड़ते जेल चले गये।

वहां की महागठबंधन सरकार ने दिखाया कि झाऱखंड पीछे नहीं है। झारखंड का सबसे कद्दावर नेता अपने पीछे शक्ति छोड़ गया है। भले ही जेल की सलाकों के पीछे हो। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव दिखा देगा कि झारखंड में कमल कभी नहीं खिलेगा।