logo

कल से सक्रिय राजनीति में प्रवेश करेंगी कल्पना मुर्मू सोरेन, गुरुजी का आशीर्वाद लेकर किया ऐलान

a356.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन का आज जन्मदिन है। जन्मदिन पर कल्पना पहले जेल पहुंची और पति हेमंत सोरेन से मिलीं। इसकी बाद उन्होंने ससुर शिबू सोरेन और सास रूपी सोरेन से आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही कल्पना मुर्मू सोरेन ने झारखंड की सक्रिय राजनीति में दस्तक देने का ऐलान कर दिया है। यह वही तस्वीर है जिसका इंतजार झारखंड मुक्ति मोर्चा का हर समर्थक उस समय से ही कर रहा था जब पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमीन घोटाला केस में जेल जाना पड़ा। कल्पना मुर्मू सोरेन कल गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगी और यही होगा उनके सक्रिय राजनीति में प्रवेश करने का खुला ऐलान। 

कल्पना, कल गिरिडीह से झारखंड की सक्रिय राजनीति में प्रवेश करेंगी लेकिन उन्होंने तभी इसके संकेत दे दिये थे जब उन्होंने यह बताया था कि अब से वही पति हेमंत सोरेन का सोशल मीडिया अकाउंट चलाएंगी। पिछले कुछ दिनों में कल्पना सोरेन ने कई पोस्ट पति हेमंत सोरेन के हैंडल से डाले हैं जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री के संघर्ष, बीजेपी के षड्यंत्र और डटकर उनका मुकाबला करने जैसी बातें कही गई हैं। 
भारतीय राजनीति में दिशोम गुरू के नाम से विख्यात शिबू सोरेन और सास रूपी सोरेन का आशीर्वाद लेते हुए ये तस्वीर पोस्ट करते हुए कल्पना मुर्मू सोरेन ने लिखा" आज अपने जन्मदिन और कल गिरिडीह में झामुमो के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले आज झारखण्ड राज्य के निर्माता और झामुमो के माननीय अध्यक्ष आदरणीय बाबा दिशोम गुरुजी और मां से आशीर्वाद लिया। आज ही सुबह हेमन्त जी से भी मुलाकात की। 

 

मेरे पिता भारतीय सेना में थे। वह सेना से रिटायर हो चुके हैं। पिताजी ने सेना में रहकर देश के दुश्मनों का डटकर सामना किया। बचपन से ही उन्होंने मुझमें बिना डरे सच के लिए संघर्ष करना और लड़ना भी सिखाया।
झारखण्डवासियों और झामुमो परिवार के असंख्य कर्मठ कार्यकर्ताओं की मांग पर कल से मैं सार्वजनिक जीवन की शुरुआत कर रही हूं। जब तक हेमन्त जी हम सभी के बीच नहीं आ जाते तब तक मैं उनकी आवाज बनकर आप सभी के बीच उनके विचारों को आपसे साझा करती रहूंगी, आपकी सेवा करती रहूंगी।

विश्वास है, जैसा स्नेह और आशीर्वाद आपने अपने बेटे और भाई हेमन्त जी को दिया है, वैसा ही स्नेह और आशीर्वाद, मुझे यानी हेमन्त जी की जीवन संगिनी को भी देंगे। 

विपक्षियों पर लगातार हमला बोलती हैं कल्पना सोरेन
कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा है कि पति हेमंत सोरेन के जेल से आने तक वही, झारखंडी आवाम के बीच उनकी आवाज बनेंगी। कल्पना मुर्मू सोरेन इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पति हेमंत सोरेन के साथ मजबूती के साथ खड़ी रही हैं। चाहे वह खनन घोटाला केस में 17 नवंबर 2022 को हुई पूछताछ हो या फिर जमीन घोटाला केस में गिरफ्तारी। नवंबर 2022 में ईडी ऑफिस में पूछताछ खत्म होने के बाद वह कल्पना मुर्मू सोरेन ही थीं जो उन्हें लेने खुद ईडी कार्यालय आई थीं। 31 जनवरी 2024 को जब जमीन घोटाला केस में ईडी ने उनको हिरासत में लिया तब भी कल्पना मुर्मू सोरेन पति से मिलने आईं और काफी देर रूकीं। बीच-बीच में वह जेल जाकर पति से मुलाकात करती हैं। उनकी हिम्मत बढ़ाती हैं और फिर बाहर विपक्ष पर गरजती हैं। 

जन्मदिन पर पति हेमंत सोरेन से जेल में गई थीं कल्पना
कल्पना सोरेन ने शनिवार को ट्वीट कर बताया था कि हेमंत सोरेन ने जेल में पढ़ने के लिए कुछ किताबें मंगवाई है। इनमें वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा की किताब सत्ता, शोषण और संघर्ष और डीडी बसु की भारत का संविधान नाम की किताब उल्लेखनीय है। कल्पना खुद यह किताबें देने गई थीं। इसके बाद उन्होंने रविवार को अपने जन्मदिन के दिन पति हेमंत सोरेन से मुलाकात की। एक भावुक पोस्ट भी किया। कहा कि 18 साल में पहली बार वह अपने जन्मदिन पर पति से दूर हैं। इस बीच कल्पना सोरेन ने राजनीति में प्रवेश का ऐलान कर दिया है। गिरिडीह में इसकी औपचारिकता भी निभा ली जायेगी। समर्थकों में उत्साह है।