logo

'हेमंत सोरेन पर जेल में जुल्म हो रहा है, झारखंड को भी मणिपुर..', कल्पना ने किस ओर किया इशारा

a4318.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

गांडेय की झामुमो विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने आरोप लगाया है कि जेल में उनके पति और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ जुल्म हो रहा है। कल्पना मुर्मू सोरेन ने आदिवासी अधिकार कार्यकर्ता फादर स्टेन स्वामी की हिरासत में मौत मामले का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड को भी मणिपुर बनाने की कोशिश हो रही है। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि हालिया लोकसभा चुनाव का फादर स्टेन स्वामी की हिरासत में हुई मौत का बदला लेने की शुरुआत है। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि फादर स्टेन स्वामी की हिरासत में हुई मौत भारत में लोकतंत्र और मानवाधिकार की स्थिति पर काला धब्बा है। 

कल्पना सोरेन ने ट्वीट में क्या लिखा है
कल्पना मुर्मू सोरेन ने सोशल मीडिया में दिवंगत फादर स्टेन स्वामी और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि "इस चुनाव झारखण्ड ने 84 वर्षीय जेसुइट पादरी और आदिवासी अधिकार कार्यकर्ता फादर स्टैन स्वामी की हिरासत में हुई अनुचित मौत जो की भारत की लोकतंत्र और मानवाधिकारों की स्थिति पर एक काला धब्बा है - उसका बदला लेने की शुरुआत की है। 

दशकों से आदिवासी समुदायों के अधिकारों के लिए वकालत एवं लड़ाई लड़ने वाले फादर स्टेन के उच्च आयु और पार्किंसंस रोग के बावजूद, उन्हें भाजपा सरकार द्वारा लगाए गए झूठे आतंकवाद के आरोपों पर जमानत और समुचित चिकित्सा उपचार से वंचित रखा गया। पानी पीने के लिए 25 पैसे का स्ट्रॉ नहीं दिया गया।
जेल की स्थितियों से बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण, फादर स्टैन की दुर्भाग्यपूर्ण मौत 5 जुलाई, 2021 को हिरासत में हो गई। उनकी मौत आतंकवाद के बहाने से विपक्ष एवं आदिवासियों को दबाने और मानवाधिकार कार्य को अपराधीकरण करने की भाजपा की नीति का उदाहरण है। 

जैसे सबसे कमजोर वर्ग के लिए आवाज उठाने वाले फादर स्टेन को संस्थागत उपेक्षा और अन्याय से चुप कराया गया, आज उसी तरह का जुल्म हेमन्त सोरेन पर हो रहा है। आज ज़रूरत है हर एक झारखंडी को हेमन्त सोरेन के पक्ष में मज़बूती के साथ खड़ा होने की वरना ये झारखंड को मणिपुर बनाने से बाज़ नहीं आएंगे।"

गांडेय उपचुनाव जीतकर विधायक बनीं कल्पना
गौरतलब है कि हालिया संपन्न लोकसभा चुनावों में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 3 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की है। झामुमो ने दुमका, चाईबासा और राजमहल लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की है। हेमंत सोरेन के जेल जाने और गुरुजी (शिबू सोरेन) के अस्वस्थ होने पर कल्पना मुर्मू सोरेन ने ही चुनाव में पार्टी के नेतृत्व किया। ताबड़तोड़ जनसभायें की। कल्पना मुर्मू सोरेन खुद भी गांडेय विधानसभा का उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। यह उनकी राजनीतिक पारी का आगाज है। 

Tags - Hemant SorenKalpana Murmu SorenJMMJharkhand NewsFather Sten Swami