द फॉलोअप डेस्क
गांडेय विधानसभा क्षेत्र के बेरदोंगा में “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत आज करहरबारी पंचायत स्तर पर परिसंपत्ति वितरण शिविर आयोजित किया गया। इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने हिस्सा लिया और विभिन्न योजनाओं के लाभुकों में परिसंपत्तियों का वितरण किया। उन्होंने साथ ही राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।
विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार गांवों को मजबूत बनाने और ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं में गरीब, जरूरतमंद, महिला, युवा, बुजुर्ग, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक सभी शामिल हैं। ये योजनाएं लोगों के जीवन को सुधारने और उन्हें सशक्त बनाने में मदद करेंगी।
उन्होंने बताया कि राज्य के दूर-दराज और कठिन इलाकों तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होता है। अक्सर ग्रामीण योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय तक जाते हैं, जहां कई कठिनाइयों के कारण वे प्रयास छोड़ देते हैं। इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत अधिकारी सीधे गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं और उन्हें लाभ से जोड़ रहे हैं।
विधायक ने कहा कि सरकार लोगों को सम्मान और स्वाभिमान के साथ रोजगार का अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग और भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भागीदारी राज्य के विकास की गति को और तेज करेगी। कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
