logo

स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए निकलेगी कांवर यात्रा, 1000 से अधिक लोग होंगे शामिल 

river.jpeg

रांची 

स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषण मुक्त करने एवं सरकार का इस ओर ध्यान आकृष्ट करने के उद्देश्य से स्वर्णरेखा उत्थान समिति के द्वारा आगामी 18 अगस्त, रविवार को एक कांवर यात्रा का आयोजन किया गया है। यात्रा स्वर्णरेखा नदी के उद्गम स्थल नगड़ी स्थित रानीचुआं से निकलकर चुटिया स्थित प्राचीन इक्कीसों महादेव में संपन्न होगी। करीब 25 किलोमीटर की इस कांवर यात्रा में 1000 से अधिक कांवरिये रानीचुआं से जल उठाकर पैदल इक्कीसो महादेव में आकर नागवंशी कालीन शिवलिंगों में जलाभिषेक करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य तेजी से प्रदूषित हो रहे स्वर्णरेखा नदी के प्रति लोगों को जागरूक और संवेदनशील बनाना है। बता दें कि विगत वर्ष भी स्वर्णरेखा उत्थान समिति के द्वारा कांवर यात्रा का आयोजन किया गया था। 


4 स्थानों में होगा यात्रा का पड़ाव 
यात्रा में कांवरिये रानीचुआं से जल उठाकर प्रातः 9 बजे यात्रा की शुरुआत करेंगे। यात्रा नगड़ी, कटहल मोड़, अरगोड़ा चौक, अशोक नगर, क्लब रोड, सिरम टोली, चुटिया होते हुए केतारी बागान स्थित हरमू और स्वर्णरेखा नदी के संगम स्थित इक्कीसो महादेव तक पहुंचेगी। इस यात्रा में कांवरियों के विश्राम के लिए 4 पड़ाव पहला नगड़ी स्थित स्वर्णरेखा बैंक्वेट हॉल, दूसरा कटहल मोड़, तीसरा अरगोड़ा स्थित बूढा महादेव और चौथा और अंतिम पड़ाव क्लब रोड स्थित सिटी सेंटर में होगा। 

एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी

कांवर यात्रा में बस और एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी, जिन कावंरियों को पैदल चलने में परेशानी होगी, उनके लिए बस की व्यवस्था भी रहेगी। यात्रा के दौरान किसी प्रकार की चिकित्सकीय सहायता के लिए पारा मेडिकल टीम के साथ एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेगी। यात्रा के दौरान डॉ सुमन दुबे के नेतृत्व में माँ फाउंडेशन की टीम कांवरियों के लिए विश्राम और चिकित्सा की व्यवस्था करेगी।  


 

Tags - Swarnarekha Riverpollution Jharkhand News