logo

उपलब्धि : झारखंड के कपिलो ग्राम पंचायत को मिला सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास का पुरस्कार

1290.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त करने की कड़ी अब मजबूत हो रही है। इसका सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे है। इसका प्रमाण है कि नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सोमवार को झारखंड के गिरिडीह स्थित कपिलो ग्राम पंचायत को नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार मिला। यह पुरस्कार पूरे भारत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन ग्राम पंचायतों को दिया गया है। केंद्रीय पंचायत राज मंत्री द्वारा यह पुरस्कार पंचायत के मुखिया को दिया गया।

बुनियादी ढांचा में आत्मनिर्भर है कपिलो
ग्राम पंचायत कपिलो गिरिडीह के बिरनी प्रखंड में स्थित है। कपिलो, पंडाना कला, राजमनिया और चानो यानी कुल चार गांव को मिलाकर कपिलो पंचायत का गठन हुआ है। यहां ग्राम पंचायत की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत मूल्यांकन वर्ष में 96 पक्का आवास का निर्माण किया गया। पंचायत में कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित है। साथ ही पंचायत सचिवालय में ही पंचायत का अपना सिस्टम सेटअप संचालित है। पंचायत में आकर्षक पंचायत भवन के साथ -साथ आकर्षक आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, प्रज्ञा केंद्र एवं ज्ञान केंद्र की स्थापना की गई है। पंचायत भवन और विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय के अलावा आंगनवाड़ी केंद्रों में क्रियात्मक स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। कपिलो में पुस्तकालय, सामुदायिक केंद्र, सात आंगनबाड़ी केंद्र और खेल का मैदान भी उपलब्ध है। कपिलो को सतत विकास लक्ष्य के सभी विषयों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कार मिला है।

हर घर बिजली और पेयजल की है व्यवस्था
कपिलो के हर घर बिजली की व्यवस्था है जो घरेलू उपयोग के लिए 24 घंटा बिजली उपलब्ध रहती है। हर घर में नल से शुद्ध पेयजल सुविधा उपलब्ध है। था जल भंडारण सुविधा के लिए स्टोरेज टैंक भी है। पंचायत का अपना एंबुलेंस भी उपलब्ध है, जिसमें ऑक्सीजन सहित सभी सुविधा उपलब्ध है। इधर, पंचायती राज निदेशक निशा उरांव ने कहा कि "पंचायतों में बुनियादी व्यवस्था को मज़बूत करने के लिए सरकारी योजनाओं के साथ-साथ इनोवेशन की भी ज़रूरत हैं। नवाचार विकास को गति प्रदान करता है। इस प्रकार की नीति संस्कृति और श्रेष्ठ प्रथाओं को प्रोत्साहन देना होगा और इन्हें अन्य गांवों में भी अपनाना होगा ताकि हर गांव समृद्ध बनें।

हर साल केंद्र की ओर से दिया जाता है पुरस्कार
पंचायत राज मंत्रालय
(भारत सरकार) द्वारा प्रत्येक वर्ष विकास योजनाओं के समग्र कार्यान्वयन एवं स्थानीय स्वशासन में पंचायती राज संस्थानों के कार्य निष्पादन को बेहतर कार्य करने वाले पंचायती राज संस्थाओं को पुरस्कृत किया जाता है। विभिन्न पुरस्कार के श्रेणियों में से कपिलो ग्राम पंचायत द्वारा नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार की श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य किया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT