पटना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को 'संवाद' परिसर में आयोजित समारोह में खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया। केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने इस अवसर पर शुभंकर ‘गजसिंह’ का वर्चुअल अनावरण किया। इस मौके पर आयोजन का थीम सॉन्ग भी जारी किया गया और गौरव यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को बिहार के लिए गर्व का विषय बताया और कहा कि इससे राज्य की खेल संस्कृति को नया आयाम मिलेगा। उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 मई को पटना में इस आयोजन का उद्घाटन करेंगे।
यह पहला मौका है जब बिहार खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेज़बानी कर रहा है। 4 से 15 मई तक पटना, नालंदा (राजगीर), गया, भागलपुर और बेगूसराय में यह आयोजन होगा। इसमें 28 खेलों में 8,500 खिलाड़ी और 1,500 तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे। इससे पहले 15 अप्रैल से 2 मई तक खेलों की मशाल गौरव यात्रा राज्य के सभी 38 जिलों से गुजरेगी।
लोगो में नारंगी और हरे रंग का संयोजन उत्साह और प्रकृति को दर्शाता है, जबकि ‘गजसिंह’ शुभंकर की प्रेरणा प्राचीन नालंदा और बोधगया की गजसिंह आकृतियों से ली गई है। यह शक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता का प्रतीक है, जो युवाओं को अनुशासन और समर्पण की भावना से ओतप्रोत करेगा।
डिज़ाइन में महाबोधि मंदिर, नालंदा विश्वविद्यालय, पीपल वृक्ष, गौरैया, गंगेटिक डॉल्फिन, मधुबनी चित्रकला, छठ पूजा, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, अशोक चक्र और सिंह स्तंभ जैसे प्रतीकों को सम्मिलित किया गया है, जो बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारिस्थितिक विरासत को दर्शाते हैं। ‘खेल के रंग, बिहार के संग’ इस आयोजन का संदेश है, जो राज्य को वैश्विक खेल मानचित्र पर स्थापित करने के संकल्प को दर्शाता है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण, और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।